भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश कोर कमेटी सदस्यों को दो-दो दिन विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास के दिए निर्देश
देहरादून/तहलका न्यूज़18
देहरादून । तीन दिवसीय प्रवास पर उत्तराखंड आये भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विस चुनाव को देखते हुए बूथ प्रबंधन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया और जरूरी टिप्स दिये। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोक सभा और विस चुनावों मे ऐसे बूथ जहाँ पर पार्टी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा उसे लेकर एक टीम गठित की जायेगी। उन्होंने कहा कि कोर कमेटी के सदस्य दो दो दिन के प्रवास पर उन क्षेत्रों मे जाकर उस विधान सभा के कोर कमेटी के सदस्यों के साथ चर्चा करेंगे और बूथ पर भी बैठक करेंगे। कोर कमेटी के 17 सदस्य जून, जुलाई और अगस्त माह मे सभी विस क्षेत्रों मे दौरा करेंगे। सभी प्रभावशाली सदस्यों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में उन्होंने कहा कि विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे का जवाब देने के लिए भी रणनीति बनाई जायेगी।
भट्ट ने जानकारी दी कि चूंकि हमारी चुनाव योजना, पूरी बूथ आधारित होती है और उसी विषय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने हमें बैठक आवश्यक मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने बताया कि आगामी चुनाव को लेकर बूथ प्रबंधन को हमें कैसे और बेहतर तथा प्रभावी बनाना हैं। ये पूरी बैठक विधानसभा में हैट्रिक लगाने को लेकर रणनीति पर केंद्रित रही। विशेषकर पूर्व के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जिन बूथों को हम जीत नहीं पाये, विशेषकर उनको लेकर हमें टीम बनानी है। बैठक में तय हुआ है कि कोर कमेटी के सभी सदस्य दो दिन एक विधानसभा में प्रवास करेंगे। जून, जुलाई अगस्त में होने वाले इस प्रवास में प्रदेश कोर कमेटी सदस्य संबंधित विधानसभा कोर कमेटी से संवाद करेगी और बूथ पर जाकर जमीनी रणनीति बनाएगी। इसके साथ ही स्थानीय समस्याओं का फीड बैक लेकर सरकार को निराकरण के लिए सुझाव देगी। शीघ्र ही रणनीति बनाते हुए कमेटी सदस्यों के प्रभावो के अनुशार विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही साथ हमारे प्रतिद्वंद्वी पार्टियों की रणनीति और कार्य योजनाओं को परखते हुए और क्या बेहतर कार्यक्रम किया जा सकते हैं उसको लेकर भी कार्य किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनावी जीत का मंत्र देते हुए कहा कि देवतुल्य जनता और कर्मठ कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा जीत की हैट्रिक का इतिहास रचेगी। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, सीएम और प्रदेश अध्यक्ष के साथ उन्होंने संगठन की प्रदेश कोर कमेटी और मंत्री समूह की बैठक लेकर 27 में जीत का मूल मंत्र देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम उत्तराखंड आगमन पर उनका भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस दौरान ढोल-दमौ, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समूचा कार्यालय परिसर गूंजता रहा।
अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर उमड़े कार्यकताओं ने पुष्पवर्षा कर जबरदस्त स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उत्तराखंड के उनके इस तीन दिवसीय संगठनात्मक प्रवास को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष का औपचारिक स्वागत प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सरकार के कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों और वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ से किया गया।
