करियर

खुशखबरी : धामी सरकार खोल रही नौकरी का पिटारा, 4400 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

देहरादून/तहलका न्यूज़18

उत्तराखंड के युवाओं के लिए खुशखबरी है। धामी सरकार राज्य के 11 विभागों में समूह ‘ग’ के रिक्त 4405 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने 15 सितंबर से भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, जिसमें आवेदन, परीक्षा और परिणाम के शेड्यूल को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। यह सरकार युवाओं को नौकरी देने के मामले में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, जिसमें अब तक 16 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है।

नौकरी में पारदर्शिता और रिकॉर्ड समय में प्रक्रिया संपन्न :- 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने बीते तीन सालों में 16,000 युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान करके एक रिकॉर्ड कायम किया है। यह आंकड़ा राज्य के गठन के 23 वर्षों में सबसे अधिक है। मुख्यमंत्री ने न केवल नौकरियों में पारदर्शिता का ध्यान रखा है, बल्कि स्वयं युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनका सम्मान भी किया है। सरकार द्वारा यूकेएसएसएससी, यूकेपीएससी, और चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से संपन्न किया जा रहा है। इस क्रम में पुलिस, वन विभाग, शिक्षक और अन्य कई विभागों में सैकड़ों पदों पर भर्ती प्रक्रियाएं चल रही हैं।

11 विभागों में 4405 पदों पर होगी भर्ती :-

यूकेएसएसएससी के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने जानकारी दी कि 11 विभागों में 4405 रिक्त पदों पर भर्ती के अधियाचन स्वीकृत हो चुके हैं। आयोग ने सभी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के लिए योजना बनाई है। 15 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके बाद परीक्षा की तारीख और परिणाम की घोषणा का शेड्यूल भी जारी किया जाएगा। आयोग का लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया को रिकॉर्ड समय में पारदर्शिता के साथ संपन्न करना है।

इन पदों पर होगी भर्ती :-

  1. पुलिस आरक्षी: 2000 पद
  2. वन आरक्षी: 700 पद
  3. इंटर स्तरीय पद (सींचपाल, कनिष्ठ सहायक, राजस्व सहायक, मेट, कार्य पर्यवेक्षक): 1200 पद
  4. वैयक्तिक सहायक:  280 पद
  5. वैज्ञानिक सहायक: 50 पद
  6. स्नातक स्तरीय: 50 पद
  7. सहायक विकास अधिकारी: 40 पद
  8. वाहन चालक: 25 पद
  9. लाइब्रेरियन: 10 पद
  10. प्राइमरी शिक्षक (एसटी): 15 पद
  11. आईटीआई विभिन्न ट्रेड: 35 पद

युवाओं को मिलेगा लाभ :-

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार द्वारा सख्त नकलरोधी कानून लागू किए जाने के बाद से प्रतिभावान युवाओं को चार-चार नौकरियां मिल रही हैं। पहले नकल माफियाओं के कारण एक ही परिवार के कई सदस्यों को नौकरियां मिल जाती थीं, लेकिन अब यह स्थिति बदल गई है। उन्होंने संकल्प लिया है कि राज्य के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

इस नई भर्ती प्रक्रिया से राज्य के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की उम्मीद है, जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।